भारत में हाई स्पीड रेल (HSR) की शुरुआत के साथ, सुरक्षित, समयबद्ध एवं विश्वसनीय संचालन इसकी सफलता की कुंजी बनने की उम्मीद है। इसी उद्देश्य से, मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल (MAHSR) परियोजना के सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने तथा उच्च स्तर के ज्ञान एवं दक्षता से युक्त प्रभावी कार्यबल तैयार करने के लिए, NHSRCL गुजरात के वडोदरा में एक विश्वस्तरीय हाई स्पीड रेल प्रशिक्षण संस्थान विकसित कर रहा है।
इसके पूर्ण होने पर, यह संस्थान कुशल इंजीनियरों एवं ऑपरेटरों के लिए ज्ञान और प्रौद्योगिकी का प्रमुख केंद्र बनने की अपेक्षा रखता है, जो उत्कृष्ट सेवा गुणवत्ता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। अत्याधुनिक ज्ञान एवं कौशल प्रदान करने के उद्देश्य से परिकल्पित यह संस्थान देश में हाई स्पीड रेल प्रौद्योगिकी शिक्षा का अग्रणी केंद्र बनने के लिए तैयार है।
एचएसआर प्रशिक्षण संस्थान निर्माण, परियोजना कार्यान्वयन एवं प्रबंधन, संचालन, अनुरक्षण (मेंटेनेंस), ग्राहक सेवा तथा अन्य विविध क्षेत्रों के लिए अनुकूलित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान करेगा।
संस्थान की स्थापना के प्रमुख उद्देश्य निम्नलिखित हैं :
• एचएसआर संगठनों के लिए जिज्ञासु, उत्साही, रचनात्मक एवं समाधान-उन्मुख भावी पीढ़ी के कार्यबल का विकास करना तथा उन्हें विशिष्ट शिक्षण अनुभव प्रदान करना।
• अत्याधुनिक प्रशिक्षण साधनों के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान कर प्रशिक्षुओं में उच्च स्तरीय तकनीकी एवं कार्यात्मक विशेषज्ञता विकसित करना।
• संचालन एवं अनुरक्षण, सुरक्षा एवं संरक्षा, सेवा एवं विपणन तथा ऊर्जा एवं पर्यावरण जैसे क्षेत्रों में ज्ञान प्रदान करना तथा सही मूल्यों का विकास करना।
• विश्वस्तरीय प्रशिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना, जिससे प्रशिक्षु अपने संचार कौशल को विकसित कर सकें, अपने पेशेवर नेटवर्क का निर्माण एवं विस्तार कर सकें तथा पारस्परिक सम्मान की संस्कृति को बढ़ावा दे सकें।