प्रकाशन तिथि: 14-11-2025
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 15 नवंबर को गुजरात का दौरा करेंगे। सुबह लगभग 10 बजे, प्रधानमंत्री सूरत में निर्माणाधीन बुलेट ट्रेन स्टेशन का दौरा कर मुंबई–अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर (MAHSR) की प्रगति की समीक्षा करेंगे — यह भारत की सबसे महत्वाकांक्षी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में से एक है, जो देश के हाई-स्पीड कनेक्टिविटी युग में प्रवेश का प्रतीक है।
MAHSR लगभग 508 किलोमीटर लंबा है, जिसमें 352 किमी गुजरात और दादरा एवं नगर हवेली में तथा 156 किमी महाराष्ट्र में शामिल है। यह कॉरिडोर साबरमती, अहमदाबाद, आनंद, वडोदरा, भरूच, सूरत, बिलीमोरा, वापी, बोइसर, विरार, ठाणे और मुंबई जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ेगा, जो भारत के परिवहन बुनियादी ढांचे में एक परिवर्तनकारी कदम है।
अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उन्नत इंजीनियरिंग तकनीकों से निर्मित इस परियोजना में 465 किमी (लगभग 85%) मार्ग वायाडक्ट पर बनाया जा रहा है, जिससे भूमि का कम उपयोग और अधिक सुरक्षा सुनिश्चित होती है। अब तक 326 किमी वायाडक्ट कार्य पूरा हो चुका है और 25 में से 17 नदी पुलों का निर्माण भी पूरा हो चुका है।
पूरा होने पर बुलेट ट्रेन मुंबई और अहमदाबाद के बीच यात्रा समय को लगभग दो घंटे तक कम कर देगी, जिससे अंतर-शहरी यात्रा तेज, आसान और अधिक आरामदायक हो जाएगी। यह परियोजना पूरे कॉरिडोर में व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की उम्मीद है।
सूरत–बिलीमोरा खंड, जो लगभग 47 किमी लंबा है, उन्नत चरण में है, जहां सिविल कार्य और ट्रैक-बेड बिछाने का काम पूरा हो चुका है। सूरत स्टेशन का डिज़ाइन शहर के प्रसिद्ध हीरा उद्योग से प्रेरित है। स्टेशन को यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है और इसमें प्रतीक्षालय, शौचालय और रिटेल आउटलेट शामिल हैं। यह सूरत मेट्रो, सिटी बसों और भारतीय रेलवे नेटवर्क से भी जुड़ा होगा।