मुंबई–अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के अंतर्गत पहला टनल बोरिंग मशीन (TBM) आज विक्रोली शाफ्ट से भूमिगत सुरंग निर्माण कार्य प्रारम्भ करते हुए निर्माणाधीन मुंबई बुलेट ट्रेन स्टेशन की दिशा में आगे बढ़ेगा।
कुल 21 किलोमीटर लंबी भूमिगत सुरंग में से 16 किलोमीटर का भाग, जो सावलि (घणसोली) से बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) तक फैला है, टनल बोरिंग मशीनों द्वारा निर्मित किया जाएगा। शेष 5 किलोमीटर सुरंग का निर्माण न्यू ऑस्ट्रियन टनलिंग मेथड (NATM) के माध्यम से पहले ही पूरा किया जा चुका है।
विक्रोली से लॉन्च की गई यह TBM लगभग 6 किलोमीटर लंबी सिंगल-ट्यूब सुरंग का निर्माण करेगी, जिसमें बुलेट ट्रेन की अप एवं डाउन दोनों पटरियाँ होंगी। अपनी यात्रा के दौरान यह मशीन बहुमंजिला इमारतों, सड़कों, मीठी नदी तथा अन्य महत्वपूर्ण शहरी अवसंरचनाओं के नीचे से होकर गुजरेगी।
यह TBM भारत में रेल सुरंग निर्माण के लिए अब तक तैनात की गई सबसे बड़ी मशीनों में से एक है। इसका कटरहेड 13.6 मीटर व्यास का है, जो लगभग चार मंजिला इमारत की ऊँचाई के बराबर है। इसका कुल वजन लगभग 3,100 टन है, जो लगभग 500 एशियाई हाथियों के वजन के बराबर है, जबकि इसकी कुल लंबाई 96 मीटर है, जो लगभग एक फुटबॉल मैदान की लंबाई के बराबर है।
इस मशीन में कटर व्हील/हेड, मेन बेयरिंग, जॉ क्रशर, इरेक्टर, मेन शील्ड, टेल शील्ड तथा सुरंग निर्माण कार्य को समर्थन देने वाले चार विशेष गैन्ट्री जैसे प्रमुख घटक शामिल हैं।
इसका कटर व्हील 4 RPM (प्रति मिनट 4 चक्कर) की गति से घूमता है।
इस परियोजना में उपयोग की जा रही मशीन मिक्सशील्ड TBM (Mixshield TBM) है, जो एक उन्नत स्लरी-आधारित टनलिंग प्रणाली है। इसे मिश्रित भू-स्थितियों तथा उच्च भूजल दबाव वाले क्षेत्रों में बड़े व्यास की सुरंगों के निर्माण के लिए विशेष रूप से विकसित किया गया है।
मिक्सशील्ड तकनीक में दबावयुक्त बेंटोनाइट स्लरी का उपयोग कर सुरंग के अग्रभाग को स्थिर रखा जाता है। यह तकनीक जटिल भू-वैज्ञानिक परिस्थितियों एवं घनी आबादी वाले शहरी क्षेत्रों में सुरक्षित और प्रभावी सुरंग निर्माण के लिए अत्यंत उपयुक्त है।
मुंबई उपनगरीय क्षेत्र के लिए इस तकनीक का चयन इसलिए किया गया है क्योंकि यह भूमि धंसाव (Ground Settlement) को प्रभावी रूप से नियंत्रित करती है तथा सतह पर होने वाले व्यवधान को न्यूनतम रखती है।
इस TBM की एक प्रमुख विशेषता यह है कि यह सुरंग की खुदाई और प्रीकास्ट कंक्रीट सेगमेंट रिंग की स्थापना एक साथ करती है। इससे निर्माण कार्य अधिक सुरक्षित, तेज़ और कुशल बनता है।
TBM को लॉन्च करने के लिए विक्रोली में 56 मीटर गहरा शाफ्ट बनाया गया है, जिसकी गहराई लगभग 20 मंजिला इमारत के बराबर है।
इस शाफ्ट परिसर में जल शोधन संयंत्र, स्लरी ट्रीटमेंट प्लांट, बेंटोनाइट भंडारण टैंक, समर्पित विद्युत उपकेंद्र, बैकअप जनरेटर, ग्राउटिंग हेतु रेडी-मिक्स कंक्रीट प्लांट, स्लरी परिवहन प्रणाली, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, बैकअप गैन्ट्री तथा अन्य आवश्यक लॉजिस्टिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं।
सुरक्षित सुरंग निर्माण तथा आसपास की संरचनाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अत्याधुनिक रियल-टाइम मॉनिटरिंग प्रणाली स्थापित की गई है। इसके अंतर्गत Surface Settlement Points (SSP), Optical Displacement Sensors (ODS)/Tilt Meters, Bi-Reflective Targets (BRT/3D Targets), Strain Gauges तथा Seismographs जैसे उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है।
ठाणे जिले के महापे में 11.17 हेक्टेयर क्षेत्र में स्थापित समर्पित कास्टिंग यार्ड में 16 किलोमीटर TBM सुरंग के लिए टनल लाइनिंग सेगमेंट तैयार किए जा रहे हैं।
इस परियोजना के लिए कुल 77,000 कंक्रीट सेगमेंट तैयार किए जा रहे हैं, जिनसे 7,700 टनल रिंग बनाई जाएँगी। प्रत्येक रिंग में 9 घुमावदार सेगमेंट और 1 की-सेगमेंट होता है। प्रत्येक सेगमेंट 2 मीटर चौड़ा एवं 500 मिमी मोटा है तथा एक पूर्ण रिंग का वजन लगभग 100 टन होता है।
TBM द्वारा निर्मित सुरंग को पूर्णतः जलरोधक (Waterproof) बनाया जा रहा है। साथ ही संरचनात्मक प्रदर्शन, भूजल व्यवहार तथा निर्माण सुरक्षा की निरंतर रियल-टाइम निगरानी की व्यवस्था भी की गई है।
सुरंग में पानी के प्रवेश को रोकने के लिए टनल लाइनिंग में डबल-लेयर EPDM (Ethylene Propylene Diene Monomer) गैस्केट तथा हाइड्रोफिलिक सील का उपयोग किया जा रहा है, जिससे सुरंग की दीर्घकालिक मजबूती, सुरक्षा एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित होगी।
संबंधित चित्र